• Thu. Sep 17th, 2026

पंडोरी सिद्धवां में लगे मुफ्त आयुष कैंप का 663 लोगों ने लिया लाभ

तरन तारन, 17 सितंबर: आयुष विभाग पंजाब द्वारा जिला तरन तारन के विभिन्न ब्लॉकों में लगाए जा रहे 10 मुफ्त आयुष कैंपों की श्रृंखला के तहत गुरुद्वारा सिंह सभा, पंडोरी सिद्धवां में मुफ्त आयुष कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप निदेशक आयुर्वेद पंजाब डॉ. रमन खन्ना के मार्गदर्शन और तरन तारन के डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल के प्रशासनिक सहयोग से जिला आयुर्वेदिक/यूनानी अधिकारी डॉ. संदीप श्रीधर और जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. रुपिंदर कौर के नेतृत्व में लगाया गया।

कैंप के दौरान कुल 663 मरीजों की जांच की गई। इनमें से 353 मरीजों की जांच आयुर्वेदिक डॉक्टरों द्वारा और 310 मरीजों की जांच होम्योपैथिक डॉक्टरों द्वारा की गई। मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। इस दौरान मरीजों की ब्लड शुगर की जांच भी की गई और उन्हें मधुमेह रोग से संबंधित आवश्यक जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कैंप के दौरान डॉक्टरों ने युवा लड़कियों को स्वस्थ जीवनशैली, मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण, एनीमिया से बचाव और वायरल बीमारियों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा लोगों को अपने दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाने तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कैंप में आयुर्वेद विभाग की ओर से डॉ. मनविंदर कौर, डॉ. चारू अरोड़ा, महावीर सिंह और अनीता कौशल ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं, होम्योपैथिक विभाग की ओर से डॉ. हरिंदर पाल सिंह, डॉ. मीनाक्षी मट्टू, हरजीत कौर और सुखविंदर कौर ने मरीजों की जांच की।

कैंप को सफल बनाने में अमरजीत कौर, जसबीर कौर और मनप्रीत कौर ने भी सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *