• Wed. Sep 16th, 2026

फरीदाबाद : राज्यपाल असीम कुमार घोष ने सरकारी स्कूलों का किया निरीक्षण, सेक्टर-10 स्कूल को 10 लाख रुपये देने की घोषणा

फरीदाबाद 16 सितंबर, 2026 : हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बुधवार को फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों का दौरा किया। उन्होंने सेक्टर-10 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और सेक्टर-19 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय दौलताबाद का निरीक्षण किया। 
PunjabKesari

इस दौरान राज्यपाल ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और स्कूल में पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने दोनों स्कूलों में मिड डे मील, पीने के पानी, स्कूल की इमारत, वॉशरूम और साफ-सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के अभिभावकों से भी बातचीत की और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की। सेक्टर-10 स्कूल में विद्यार्थियों ने राज्यपाल को छत से कक्षाओं में पानी टपकने की समस्या बताई। इसके बाद उन्होंने स्कूल के टॉयलेट का निरीक्षण किया और साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी टॉयलेट के गेट बदलने, खासकर छात्राओं के टॉयलेट के गेट बदलने को कहा।

PunjabKesari

राज्यपाल ने कहा कि माता-पिता को बच्चों के भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और खिलाड़ी बनने के लिए प्रेरित करना चाहिए। बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य और मित्र मंडली पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को डराने या मारने-पीटने के बजाय समझाकर आगे बढ़ाना चाहिए। राज्यपाल ने सेक्टर-10 स्कूल को अपनी ओर से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसमें ढाई लाख रुपये जरूरतमंद विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए रखे जाएंगे। बाकी साढ़े सात लाख रुपये खेल मैदान, टॉयलेट और छत की मरम्मत सहित अन्य कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बड़ा वाटर कूलर लगाने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *