• Sun. Aug 9th, 2026

दिल्ली में मानसून का महा-रिकॉर्ड: महज 8 दिनों में ही फुल हुआ पूरे अगस्त की बारिश का कोटा

नई दिल्ली 09 अगस्त 2026 : राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त के पहले 8 दिन में ही इस महीने की औसत बारिश से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। शहर की प्रमुख मौसम वेधशाला सफदरजंग वेधशाला में अब तक 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सफदरजंग में इस महीने की शुरुआत से शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे तक 225.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। 

इसके बाद शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 4.4 मिलीमीटर और बारिश हुई, जिससे कुल वर्षा 230.1 मिलीमीटर हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 1991 से 2020 की जलवायु अवधि के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अगस्त में औसतन कुल 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है। 

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को पिछले 2 वर्ष में अगस्त के किसी एक दिन में सर्वाधिक बारिश भी दर्ज की गई। सफदरजंग में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान 98.7 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले अगस्त में एक दिन में इससे अधिक बारिश एक अगस्त 2024 को दर्ज की गई थी। 

उस समय 107.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान पालम में 104.6 मिलीमीटर, आयानगर में 115 मिलीमीटर, रिज में 89.8 मिलीमीटर और लोधी रोड में 86.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच आयानगर में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 9.4 मिलीमीटर और लोधी रोड में 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि सफदरजंग और पालम में 4.4-4.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिन दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed