• Sun. Jun 28th, 2026

हरियाणा के इस जिले में PACS बैंक में 76 लाख रुपये के घोटाले का खुलासा, CM फ्लाइंग टीम की जांच में सामने आई गड़बड़ी

फतेहाबाद 28 जून 2026 : गांव अयाल्की स्थित बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स) में करीब 76 लाख 60 हजार रुपए का घोटाला सामने आया है। सी.एम. फ्लाइंग टीम की जांच में रिकॉर्ड, कैशबुक और बैंक लेन-देन में बड़े स्तर पर हेराफेरी का खुलासा हुआ। विकास अधिकारी सुरेश कुमार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने 3 प्रबंधकों के साथ 3 ऑडिटरों को भी मामले में नामजद किया है।

सी.एम. फ्लाइंग हिसार को सूचना मिली थी कि अयाल्की पैक्स में वित्तीय रिकॉर्ड और कैशबुक में लंबे समय से गड़बड़ी की जा रही है। गठित संयुक्त टीम ने रिकॉर्ड, कैशबुक, रसीद पुस्तिकाओं और बैंक दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान 61 गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं जिनमें सरकारी धन के गबन और रिकॉर्ड में हेराफेरी की पुष्टि हुई। रिपोर्ट के अनुसार यह फर्जीवाड़ा 1 जनवरी, 2020 से 31 मार्च, 2026 के बीच लगातार किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कैशबुक में बैंक में राशि जमा होना दर्शाया जबकि वास्तविकता में वह राशि बैंक में जमा ही नहीं करवाई गई। इससे लाखों रुपए का गबन किया गया।

हर साल हुआ ऑडिट, फिर भी नहीं पकड़ा गबन
जांच में सामने आया कि तत्कालीन पैक्स प्रबंधक सूबे सिंह ने एक मामले में 75 हजार रुपए सीधे अपने निजी बचत खाते में ट्रांसफर कर लिए। ब्याज की राशि हड़पने के लिए रसीद पुस्तिकाओं में तारीखों से भी छेड़छाड़ की गई। वर्ष 2020 से 2025 तक हर वर्ष पैक्स का नियमित ऑडिट होता रहा लेकिन किसी भी ऑडिटर ने इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितताओं को उजागर नहीं किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित ऑडिटरों और निरीक्षण टीम की लापरवाही अथवा मिलीभगत के कारण यह गबन वर्षों तक चलता रहा। थाना प्रभारी प्रह्लाद राय ने बताया कि रिकॉर्ड को कब्जे में लेकर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *