फतेहगढ़ साहिब 10 मई 2026 : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के अंतर्गत आते गांव हिंदूपुर के पास एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।
यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब एक कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।थाना बडाली आला सिंह के सहायक थानेदार राम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान अवतार सिंह, सतविंदर सिंह और मोहन सिंह के रूप में हुई है।
ये तीनों मृतक गांव बीबीपुर के रहने वाले थे। बताया कि शनिवार रात तीनों व्यक्ति अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर बडाली आला सिंह की ओर से अपने गांव बीबीपुर वापस जा रहे थे। जब उनका मोटरसाइकिल गांव हिंदूपुर के नजदीक पहुंचा, तो पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर जा गिरे, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही बडाली आला सिंह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
राम सिंह ने बताया कि कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव बीबीपुर में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही गांव के तीन घरों के चिराग बुझने से इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
