03 मई 2026 : मुंबई में ‘राजा शिवाजी’ फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म के ऐलान से ही दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई थी, जो टीज़र और ट्रेलर रिलीज के बाद और बढ़ गई। खास बात यह रही कि फिल्म में मराठी कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड कलाकार भी नजर आए। 1 मई को रिलीज होते ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया और पहले ही दिन कई मराठी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।
रविवार होने के कारण सुबह से ही शो हाउसफुल थे और बड़ी संख्या में लोग फिल्म देखने थिएटर पहुंचे। लेकिन मुंबई के लालबाग स्थित भारत माता टॉकीज में दर्शकों को निराशा हाथ लगी। सुबह 7:30 बजे के शो के लिए लोगों ने बुक माय शो से टिकट बुक की थी, लेकिन जब वे थिएटर पहुंचे तो गेट बंद मिला।
थिएटर प्रबंधन ने बताया कि शो रद्द कर दिया गया है और इसकी जानकारी पहले ही बुक माय शो को दे दी गई थी। बाद में थिएटर के क्लस्टर मैनेजर ने साफ किया कि तकनीकी और डिस्ट्रीब्यूटर से जुड़ी समस्याओं के कारण शो रद्द करना पड़ा। हालांकि, दर्शकों का कहना है कि उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई।
मौके पर मौजूद दर्शकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे समय से पहले थिएटर पहुंच गए थे, लेकिन काफी देर बाद उन्हें शो रद्द होने की जानकारी दी गई। प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला।
