पंजाब 15 अप्रैल 2026 : श्री आनंदपुर साहिब के दर्शन करके लौट रही संगत की बस फतेहगढ़ साहिब में पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में हुए भयानक हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) ने ‘X’ पर हादसे पर दुख जताते हुए एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें कहा गया है, “पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में हुए हादसे के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को खो दिया है उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।”

पूरा मामला
गौरतलब है कि आनंदपुर साहिब से तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रही एक बस पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पलट गई, जिससे उसमें सवार 6 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि, हादसे के समय बस में 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे। बस में सवार श्रद्धालु फतेहगढ़ साहिब के मेन मजारी के रहने वाले थे और बैसाखी के मौके पर रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब में मत्था टेककर लौट रहे थे। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी मुश्किल से श्रद्धालुओं को बस से बाहर निकाला। इस हादसे में घायलों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना और मोरिंड के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
