लुधियाना 24 मार्च 2026 : विधानसभा हल्का पश्चिमी (लुधियाना) से शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार को चुनावी सामग्री तैयार करवाने के नाम पर चूना लगाने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए उम्मीदवार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री छपवाने के बदले उनसे हजारों रुपये ऐंठ लिए, लेकिन न तो सामान दिया और न ही पैसे वापस किए।
इस मामले में थाना दुगरी की पुलिस ने नवनीत सिंह की शिकायत पर आरोपी इंद्रजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता नवनीत सिंह के अनुसार, वह विधानसभा हल्का पश्चिमी से चुनाव लड़ रहे थे। 02 जून 2025 को आरोपी इंद्रजीत सिंह निवासी गांव कनैच नामक व्यक्ति उनके शहीद भगत सिंह नगर स्थित कार्यालय में आया। आरोपी ने चुनावी पोस्टर और अन्य सामग्री तैयार करने का कुल खर्च 3 लाख रुपये बताया था।
सौदा तय होने के बाद उम्मीदवार ने आरोपी को 80 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए। जब उम्मीदवार ने चुनाव आयोग की हिदायतों का हवाला देते हुए खर्च का ‘पक्का बिल’ मांगा, ताकि वह चुनाव आयोग को अपना चुनावी खर्च सौंप सकें, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।इसके बाद आरोपी ने न तो पक्का बिल दिया और न ही चुनाव सामग्री की डिलीवरी की। पीड़ित का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने जानबूझकर उनके साथ धोखाधड़ी की है और चुनावी समय में उन्हें आर्थिक व मानसिक नुकसान पहुंचाया है।
