लुधियाना 24 मार्च 2026 : महानगर के प्रीत नगर इलाके में एक युवक पर सरेआम हमला कर दूसरे युवक को लहूलुहान कर दिया गया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने न केवल युवक की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि अपनी पिस्टल निकालकर उसके सिर पर बट दे मारी। पीड़ित जतिंदर सिंह की शिकायत पर थाना हैबोवाल की पुलिस ने आरोपी कपिश बंसल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
शिकायतकर्ता जतिंदर के अनुसार, घटना 02 मार्च ल की है। वह अपने काम से पैदल वापस लौट रहा था। रास्ते में वह प्रीत नगर मार्केट स्थित एक गोलगप्पे की दुकान पर रुका। वहां पहले से ही कपिश बांसल नामक युवक खड़ा था। आरोप है कि बिना किसी बात के आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और भद्दे शब्दों का इस्तेमाल किया। पीड़ित ने बताया कि जब उसने आरोपी से गाली देने का कारण पूछा और सम्मान से बात करने को कहा, तो आरोपी तैश में आ गया। उसने तुरंत पीड़ित का गला पकड़ लिया और हाथापाई शुरू कर दी।
देखते ही देखते आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाली और उसके हत्थे (बट) से पीड़ित के सिर पर जोरदार वार किए। हमले के दौरान पीड़ित बुरी तरह घायल हो गया। शोर मचने पर जब लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देता हुआ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
