• Sun. Mar 22nd, 2026

पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश: 40 हजार की सुपारी देकर खेत में करवाई हत्या, पुलिस का बड़ा खुलासा

22 मार्च 2026 : उत्तर प्रदेश के उन्नाव (अजगैन) में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक पत्नी ने अपने ही सुहाग को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक साजिश रची। शराब, मारपीट और दूसरी महिला से संबंधों के विवाद में पत्नी ने 40 हजार रुपये की सुपारी देकर अपने पति की बेरहमी से हत्या करवा दी।

खेत में मिला था बंधा हुआ शव
मामले का खुलासा तब हुआ जब 19 मार्च को अजगैन थाना क्षेत्र के चमरौली गांव के पास एक खेत में श्रीकांत लोध (35) का शव बरामद हुआ। श्रीकांत के हाथ पीछे की तरफ बंधे हुए थे, जिससे साफ था कि उसकी हत्या गला घोंटकर या बेरहमी से की गई है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं।

सर्विलांस ने खोला सुखरानी का राज
उन्नाव पुलिस ने जब शक के आधार पर मृतक की पत्नी सुखरानी से पूछताछ की और कॉल डिटेल्स खंगाली, तो साजिश का पर्दाफाश हो गया। सुखरानी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए दो सुपारी किलर्स— अंकित यादव और मोहित सिंह के नाम उगल दिए।

खौफनाक साजिश की पूरी कहानी
सुखरानी के मुताबिक, श्रीकांत अक्सर शराब पीकर आता था, उसके साथ मारपीट करता था और उसके दूसरी महिला से अवैध संबंध थे। तंग आकर सुखरानी ने 17 मार्च को मोहित और अंकित से संपर्क किया और पति की हत्या के बदले 40,000 रुपए देने का वादा किया। 17 मार्च की रात सुखरानी खुद बहाने से पति को गेहूं के खेत के पास ले गई। वहां पहले से घात लगाकर बैठे अंकित और मोहित ने श्रीकांत को दबोच लिया। पत्नी की आंखों के सामने ही उसके हाथ बांधे गए और उसकी हत्या कर दी गई।

सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों (पत्नी और दो शूटरों) को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से सुपारी की रकम के कुछ पैसे और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर तीनों को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *