14 मार्च 2026 : मिडल-ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण कौंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टीफिकेट एग्जामिनेशंस (सी.आई.एस.सी.ई.) ने संयुक्त अरब अमीरात (यू.ए.ई.) के सभी केंद्रों के लिए कक्षा 10वीं (आई.सी.एस.ई.) और कक्षा 12वीं (आई.एस.सी.) की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इस फैसले से यू.ए.ई. में पढ़ रहे हजारों भारतीय विद्यार्थी प्रभावित हुए हैं। पहले इन परीक्षाओं को स्थगित (पोस्टपोन) किया गया था लेकिन क्षेत्र की बदलती स्थिति को देखते हुए अब इन्हें पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
स्कूलों को भेजे गए सर्कुलर में परिषद ने बताया कि यह फैसला नॉलेज एंड ह्यूमन डेवलपमेंट अथॉरिटी (के.एच.डी.ए.) और दुबई स्थित भारतीय दूतावास के साथ चर्चा के बाद लिया गया है। परीक्षाओं को पहले 2 मार्च से 6 अप्रैल के बीच कराने की योजना थी लेकिन सुरक्षा हालात और बड़े स्तर पर परीक्षा के प्रबंधन में आ रही कठिनाइयों के कारण इन्हें रद्द करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
मिडल-ईस्ट में ईरान, अमरीका और इसराईल के बीच बढ़ते तनाव के कारण यू.ए.ई., ओमान और बहरीन में मिसाइल व ड्रोन गतिविधियां बढ़ी हैं। दुबई के कुछ हिस्सों में मलबा गिरने की खबरों ने सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं। परीक्षाएं रद्द होने के बाद अब विद्यार्थियों का मूल्यांकन कैसे होगा, इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्कूल इंटरनल असैसमैंट, प्री-बोर्ड, पिछले रिकॉर्ड और प्रैक्टिकल के अंकों को आधार बनाकर रिजल्ट तैयार कर सकते हैं। दुबई, अबू धाबी और शारजाह के स्कूलों ने विद्यार्थियों व अभिभावकों को सलाह दी है कि वे घबराएं नहीं और आगे के निर्देशों का इंतजार करें
