• Sat. Mar 7th, 2026

ईंधन संकट: अफवाह या सच्चाई? पेट्रोल पंप पर लगी लंबी कतारें, जानिए पूरा सच

उत्तर प्रदेश 07 मार्च 2026 : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पेट्रोलियम उत्पादों और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) की कमी की अफवाहों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और बाराबंकी के कई क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी है, जिसके कारण शुक्रवार को कई पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी कतारें देखी गई। पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित कमी की आशंका के बीच जिले के निघासन, पलिया और भीरा इलाकों में कई ईंधन स्टेशनों पर पेट्रोल और डीजल खरीदने के इच्छुक लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।         

‘पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं’
जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने हालांकि अफवाहों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा, ”लखीमपुर खीरी जिले में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी की अफवाहें निराधार और बेबुनियाद हैं।” उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और लोगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार ही इनकी खरीद करनी चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।         

जिलाधिकारी ने की अपील  
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी अफवाहों पर संज्ञान लिया और लोगों से न घबराने की अपील करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है। खीरी पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक दीक्षित ने कहा कि जिले में ईंधन का कोई संकट नहीं है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसी तरह, एलपीजी वितरक संघ के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। बाराबंकी जिले में इसी भ्रम की स्थिति में मोहम्मदपुर खाला, तिलोकपुर और देवा जैसे क्षेत्रों में लोग डीजल-पेट्रोल खत्म होने के डर से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर ड्रम लेकर पेट्रोल पंपों पर उमड़ पड़े।

पंपों पर दिख रहा मेला जैसा माहौल 
पेट्रोल पंप पर खाली ड्रम और 50-50 लीटर के गैलन लेकर पहुंचे लोगों की भीड़ ने अफवाह के गहरे असर को दर्शाया। स्टॉक करने की होड़ के कारण कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का भंडार शून्य हो गया, जिससे सामान्य उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देवा क्षेत्र के अजगना स्थित ‘श्री विष्णु नारायण फिलिंग सेंटर’ सहित कई पंपों पर बृहस्पतिवार को मेले जैसा माहौल देखा गया। किसानों को डर था कि यदि युद्ध बढ़ता है, तो उन्हें ट्रैक्टर और फसलों की सिंचाई के लिए डीजल नहीं मिलेगा या उसकी कीमतें उनके बजट से बाहर हो जाएंगी। पेट्रोल पंप मालिक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गलत अफवाहों के कारण लोग भ्रमित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि लोग ईरान-इजराइल युद्ध के कारण तेल की आपूर्ति बंद होने और कीमतों में वृद्धि की आशंका जता रहे हैं। प्रशासन लगातार यह संदेश दे रहा है कि तेल की कोई कमी नहीं है।         

अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई 
बाराबंकी के जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और तेल खत्म होने जैसी कोई स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। डॉ. तिवारी ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि जनपद के सभी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन द्वारा जनपद के पेट्रोल पंप की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और कहीं भी ईंधन की कमी की कोई स्थिति नहीं है।        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *