• Sat. Nov 7th, 2026

हरियाणा में ठंड का कहर: 8 शहरों की रातें शिमला-जम्मू से भी ठंडी

हिसार 17 नवंबर 2025 : हरियाणा में रात्रि के समय ठंड का असर तेज हो गया है। हरियाणा के हिसार, नारनौल, करनाल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, महेन्द्रगढ़, सोनीपत में शिमला और जम्मू जैसे शहरों से ज्यादा रात्रि के समय ठंड पड़ रही है। शिमला में जहां रात्रि तापमान 9 और जम्मू में 9.8 डिग्री सैल्सियस रहा वहीं हरियाणा के इन शहरों में रात्रि तापमान 6.8 से 8.9 डिग्री सैल्सियस के बीच रहा। हिसार में रात्रि तापमान 6.8 डिग्री सैल्सियस सबसे कम रहा जो सामान्य से 7 डिग्री कम है।

मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर चल रही हैं जिससे हरियाणा में रात्रि तापमान में निरंतर गिरावट आ रही है। एक-दो स्थानों को छोड़कर हरियाणा के अधिकांश शहरों में 10 डिग्री सैल्सियस से नीचे तापमान है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा दर्ज आंकड़ों अनुसार हिसार में 6.8, महेन्द्रगढ़ में 6.9, नारनौल में 7.6, सोनीपत में 7.9, करनाल में 8.2, रोहतक में 9.2, जींद में 8.3, कैथल में 8.8, कुरुक्षेत्र में 8.9, पंचकुला में 9.3, पानीपत में 9.8 डिग्री सैल्सियस रात्रि तापमान रहा। दोपहर का तापमान 24.9 से 28.4 डिग्री सैल्सियस के बीच रहा। रोहतक का सबसे कम 24.9 डिग्री सैल्सियस दोपहर का तापमान रहा। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि 17 नवम्बर को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। उसके बाद 21 नवम्बर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *