• Fri. Dec 5th, 2025

‘आप’ पार्षद जुआ रैकेट में शामिल, सचदेवा का बड़ा दावा

नई दिल्ली 21 जुलाई 2025 बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर वॉर्ड से आम आदमी पार्टी पार्षद जोगिंदर सिंह की जुआ रैकेट में पुलिस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर तंज कसा है। उनका कहना है कि आप का अब नया चेहरा सामने आया है। पार्टी के पार्षद जुआ रैकेट चलाते हैं, वह भी अपने दफ्तर में। उन्होंने कहा कि अब देखना यह है कि आम आदमी पार्टी ऐसे पार्षद को पार्टी से निष्कासित करती है या फिर इसे भी बीजेपी की साजिश बताएगी ?

क्या है मामला

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि सत्ता से दूर होने के बाद आम आदमी पार्टी नेताओं का नया चेहरा सामने आ रहा है। बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर वॉर्ड से आम आदमी पार्टी पार्षद जोगिंदर सिंह बंटी को दिल्ली पुलिस ने जुआ खेलते और खिलवाते हुए गिरफ्तार किया है। पार्षद के खिलाफ यही एक मामला नहीं है, बल्कि उनके खिलाफ और भी कई आरोप और शिकायतें हैं। उनके पास से जुए के 4.35 लाख रुपये पुलिस ने बरामद किए हैं। सचदेवा ने कहा कि यह वही पार्षद हैं, जो साल 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान रिवॉल्वर लहारते हुए पकड़े गए थे। आप नेता अपने आप को अलग तरह की राजनीति करने वाले बताते हैं। उनकी अलग तरह की राजनीति यह है कि कोई जुए का रैकेट चलाता है, तो कोई फर्जी डिग्री से दिल्ली में कानून मंत्री बन जाता है।

अलग राजनीति कर रही है आप

सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सत्ता में जितेंद्र तोमर फर्जी डिग्री के आधार पर अरविंद केजरीवाल की पहली कैबिनेट में कानून मंत्री बने थे। बाद में उनकी वकालत की डिग्री फर्जी निकली और उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा। केजरीवाल के सत्ता में पहली कैबिनेट में महिला और बाल कल्याण मंत्री के रूप में पद संभालने वाले संदीप कुमार सेक्स टेप सामने आने के बाद उन्हें भी अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। ऐसे चेहरों के साथ मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी सच में अलग राजनीति कर रही है और राजनीति को दूषित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *