• Fri. Dec 5th, 2025

चंडीगढ़ कूच से पहले तड़के सुबह किसानों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

टांडा, 4 मार्च 2025 : संयुक्त किसान मोर्चे द्वारा 5 मार्च को चंडीगढ़ में प्रस्तावित धरना प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने कई किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को देर रात करीब 2:30 बजे हिरासत में लिया गया, जबकि दोआबा किसान कमेटी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान को सुबह 4 बजे उनके पैतृक गांव रसूलपुर से गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह, समराला विधानसभा क्षेत्र में भी पुलिस ने करीब एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी कर कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया। बी.के.यू. कादियां के जिला लुधियाना अध्यक्ष हरदीप सिंह ग्यासपुरा, मोहन सिंह संधेर और बी.के.यू. दोआबा के जिला अध्यक्ष बलबीर सिंह खीरनिया को भी गिरफ्तार किया गया। अन्य जिलों से भी कई किसान नेताओं की गिरफ्तारी की खबरें आ रही हैं।

बैठक के दौरान सीएम भगवंत मान छोड़कर चले गए

इससे पहले, किसान नेताओं और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच बैठक हुई थी, लेकिन सहमति न बनने पर मुख्यमंत्री बैठक बीच में ही छोड़कर चले गए।

बैठक में सीएम मान ने किसान नेताओं से कहा कि सड़कें जाम करना, ट्रेनों को रोकना या पंजाब बंद करना समाधान नहीं है, इससे आम लोगों को परेशानी होती है। हालांकि, किसानों ने अपनी मांगों पर अड़े रहने का फैसला किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री बिना नतीजे के बैठक से निकल गए।

सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“मैंने किसान संगठनों के नेताओं से अपील की कि चक्का जाम और धरने से आम लोगों को परेशानी होती है। इससे कारोबार और कामकाज पर असर पड़ता है, जिसका भी ध्यान रखना जरूरी है।”

अब, किसानों के चंडीगढ़ कूच से पहले पुलिस की यह कार्रवाई बड़े आंदोलन की आहट दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *