• Sat. Oct 31st, 2026

हरियाणा नगर निकाय चुनाव शेड्यूल में बदलाव, जानें नई तारीखें

चंडीगढ़ 15 जनवरी 2025 :  हरियाणा के नगर निकाय चुनाव के शेड्यूल में फिर से बदलाव कर दिया गया है। पहले यह चुनाव फरवरी में होने वाले थे। लेकिन ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि अब यह चुनाव मार्च में कराए जाएंगे। प्रदेश में 34 निकायों में चुनाव होंगे। लेकिन चुनावों में देरी की मुख्य वजह नगर निगमों की मतदाता लिस्ट को अंतिम रुप न देना बताया जा रहा है। ऐसी भी संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों होने तक नगर निकाय चुनाव को टाला जा सकता है। फिलहाल अब तक निकाय चुनाव की तारीखों को लेकर कोई अंतिम रुप नहीं दिया गया है। हालांकि बताया गया है कि 8 फरवरी के बाद नगर निकाय चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। 

राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा है कि चुनाव के शेड्यूल से लेकर नतीजों तक चुनाव की पूरी प्रक्रिया में करीब 25 दिन का समय लग जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि मार्च में नगर निकाय के चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि अलग-अलग दलों के पार्टी कैडर की एक बड़ी संख्या 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों में व्यस्त रहेगी। इसलिए 8 फरवरी के बाद ही निकाय चुनाव की घोषणा की जाएगी।

 
निकाय चुनाव एक चरण में संपन्न कराए जाएंगे, इसे लेकर सरकार पहले ही मंथन कर चुकी है। सरकार ने एक केस की सुनवाई के दौरान पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने भरोसा दिलाया था कि जनवरी के आखिरी या फरवरी के पहले सप्ताह में निकाय चुनाव हो जाएंगे। ऐसा भी कहा जा रहा है कि राज्य में सोमवार यानी 20 जनवरी को 26 निकायों की वोटर लिस्ट का फाइनल ड्राफ्ट जारी कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ  रोहतक, हिसार और थानेसर नगर निगम की वोटर लिस्ट का काम 15 जनवरी और करनाल नगर निगम की वोटर लिस्ट का काम 28 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। हरियाणा में 34 निकायों में चुनाव होंगे। जिनमें 8 नगर निगम, 4 नगर परिषद और 22 नगर पालिकाएं शामिल हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *