• Sun. Oct 11th, 2026

फरीदाबाद में आधी रात को पुलिस मुठभेड़ में 7 बदमाश गिरफ्तार, 2 पैर में गोली लगने से घायल; गिरोह मध्य प्रदेश का रहने वाला

फरीदाबाद 11 अक्टूबर 2026 :  फरीदाबाद में बल्लभगढ़ के सदर थाना क्षेत्र में देर रात क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस ने गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह मध्य प्रदेश का रहने वाला है और इलाके में चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था।

सोतई गांव के रास्ते पर पुलिस ने घेरा

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम को इस गिरोह के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में गांव सोतई की ओर जाने वाले रास्ते पर बदमाशों को घेर लिया। पुलिस को सामने देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की तरफ से कई राउंड गोलियां चलाई गईं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है।

दिन में रेकी, रात को चोरी और लूटपाट

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन के समय घरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर चोरी और लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। घरों में लोगों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए आरोपी पत्थर फेंकते थे। यदि घर के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, तो वे घर में घुसने की कोशिश करते थे। इस तरीके से गिरोह के सदस्य वारदात के लिए घरों को निशाना बनाते थे।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *