• Sun. Jun 28th, 2026

पंजाब में सुबह बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश-आंधी

पंजाब 28 जून 2026 पंजाब और चंडीगढ़ में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से सुबह के समय आंधी और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई। आज जालंधर, पठानकोट और लुधियाना के कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की नरमी महसूस की गई। हालांकि उमस से लोगों को अभी पूरी राहत नहीं मिली है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते दिन राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी सप्ताह मानसून पंजाब में दस्तक दे सकता है। 

विभाग ने बताया कि फिल्लौर, नकोदर, फगवाड़ा, शाहकोट, सुल्तानपुर लोधी, खडूर साहिब, बाबा बकाला और कपूरथला सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है। इसके अलावा नवांशहर, भुलत्थ, अमृतसर, तरनतारन, पट्टी, रूपनगर और गढ़शंकर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं चंडीगढ़ में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है। गर्मी का असर बिजली खपत पर भी साफ दिखा। शनिवार को प्रदेश में बिजली की मांग इस साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, जिससे कुछ शहरों में रात के समय बिजली कटौती की स्थिति बनी, खासकर जालंधर में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आने वाले दिनों का हाल

अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। आंशिक बादल और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 1 और 2 जुलाई को मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन उमस बनी रहने की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *