• Wed. Jul 1st, 2026

विजिलेंस का शिकंजा: रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

29 सितम्बर 2024 : पंजाब विजिलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अपनी मुहिम के दौरान जिलेदारी शाखा, गांव लाडबंजारा, जिला संगरूर में तैनात नहरी पटवारी करमजीत सिंह को 20,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को जिला संगरूर के गांव छाहड़ के निवासी दर्शन सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्त्ता ने विजिलैंस ब्यूरो के पास पहुंचकर बताया कि उसके पास 25 एकड़ जमीन है, जिसमें से साढ़े 8 एकड़ जमीन के लिए सिंचाई के लिए पहले ही नहरी पानी अलॉट है, और बाकी जमीन के लिए सिंचाई हेतु नहरी पानी अलॉट करने के बदले उक्त पटवारी करमजीत सिंह उससे 2,600 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से रिश्वत मांग रहा है।

प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान उक्त पटवारी करमजीत सिंह को 2 सरकारी गवाहों की उपस्थिति में 20,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आरोपी पटवारी के खिलाफ विजिलैंस ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *