श्री माछीवाड़ा साहिब 04 अक्टूबर 2026 : गांधी चौक में देर शाम निहंग के वेश में पहुंचे एक सिरफिरे युवक द्वारा सुनार की दुकान में घुसकर जमकर उत्पात मचाने और जान बचाकर भाग रहे सर्राफा कारोबारी पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी हिंसक झड़प की और एक पुलिस मुलाजिम की वर्दी तक फाड़ दी। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने सिरफिरे आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और दहशत फैलाने के आरोप में विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गांधी चौक में सुनार की दुकान चलाने वाले पीड़ित करन वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देर शाम वह अपने दोस्त सुनील कुमार गिरधर और सोने के व्यापारी रुस्तम रणजीत सिंह के साथ दुकान पर ग्राहकों को जेवरात दिखा रहे थे। इसी दौरान इलाके में अक्सर निहंग बाणे में घूमने वाला दीपक कुमार बाहर किसी व्यक्ति से झगड़ा करते हुए जबरन उनकी दुकान के भीतर घुस आया और ग्राहकों से बदतमीजी करने लगा। जब करन वर्मा ने उसे बाहर जाने को कहा, तो दीपक ने हाथ में पकड़ी बोतल जिसमें पेट्रोल या मिट्टी का तेल जैसा ज्वलनशील पदार्थ भरा था, निकाली और उसे अपने ऊपर उड़ेलने लगा। आरोपी ने जोर-जोर से चिल्लाते हुए वहां मौजूद सभी लोगों को आत्मदाह करने और सबको जिंदा जलाकर मार डालने की धमकियां देनी शुरू कर दीं।
दुकानदार करन वर्मा के अनुसार, उन्होंने स्थिति बिगड़ने से बचाने के लिए आरोपी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह शांत नहीं हुआ तो उन्होंने अनहोनी के डर से तुरंत दुकान बंद कर दी। करन वर्मा वहां से निकलकर पास ही खड़ी अपने दोस्त रुस्तम की कार में जाकर बैठ गए। आरोप है कि यह सिरफिरा युवक वहां भी कार के पास पहुंच गया और उसने बोतल में भरा ज्वलनशील पदार्थ सीधे कार के भीतर बैठे करन वर्मा पर उड़ेल दिया। इसके तुरंत बाद उसने माचिस निकालकर तीली सुलगा दी और उन्हें आग लगाने की कोशिश की। गनीमत रही कि कार का दरवाजा तेजी से बंद कर लिया गया और पीड़ित बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
वारदात की सूचना मिलते ही थाना माछीवाड़ा के प्रभारी करमजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत गांधी चौक पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी और उग्र हो गया। जब पुलिस मुलाजिमों ने उसे काबू करने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस पार्टी के साथ भी जमकर हाथापाई शुरू कर दी। छीना-झपटी के दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी तक फट गई। चौराहे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी रही और खौफ के मारे कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। इसी बीच एक स्थानीय साहसी युवक ने आगे बढ़कर पुलिस का साथ दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आरोपी दीपक कुमार को चारों तरफ से दबोच कर काबू किया और थाने पहुंचाया।
स्थानीय दुकानदारों ने रोष जताते हुए बताया कि आरोपी दीपक कुमार आए दिन बाजार में हुड़दंग मचाता था। कुछ समय पूर्व भी उसने एक दुकानदार को नंगी कृपाण लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी गई थी। थाना मुखी एसएचओ करमजीत सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी दीपक कुमार के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिली थीं और वह लगातार इलाके की शांति भंग कर रहा था। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह ज्वलनशील पदार्थ कहां से लेकर आया था।
