• Sat. Jul 25th, 2026

लुधियाना नगर निगम के रिकॉर्ड रूम में संदिग्ध चोरी, ताला बदलकर CCTV कैमरा भी ले गए आरोपी

लुधियाना 25 जुलाई 2026 : नगर निगम लुधियाना के पुराना रिकॉर्ड रूम में एक संदिग्ध चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने न सिर्फ रिकॉर्ड रूम का ताला बदलकर दूसरा ताला लगा दिया, बल्कि साक्ष्य मिटाने की नीयत से वहां लगा सीसीटीवी कैमरा भी चुरा कर ले गए।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि उन्हें संयुक्त कमिश्नर, नगर निगम की ओर से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। शिकायत के अनुसार, नगर निगम का पुराना रिकॉर्ड रूम लकड़ पुल के पास बने रैन बसेरे के ऊपर स्थित है, जहाँ नगर निगम का सारा जरूरी और अति-संवेदनशील रिकॉर्ड रखा हुआ है। रिकॉर्ड कीपर श्री कमलजीत बीती 12 जून को अपनी ड्यूटी खत्म करके दफ्तर को अच्छी तरह ताला लगाकर अपने घर चले गए थे।

इसके बाद जब वे 15 जून को दोबारा ड्यूटी पर लौटे, तो नजारा देखकर हैरान रह गए। दफ्तर के मुख्य दरवाजे पर उनके द्वारा लगाया गया ताला गायब था और उसकी जगह किसी अज्ञात व्यक्ति ने दूसरा नया ताला लगा रखा था। इतना ही नहीं, जब अंदर जाकर देखा गया तो कमरे में लगा सीसीटीवी कैमरा भी वहां मौजूद नहीं था। प्राथमिक जांच में यह मामला सीधे तौर पर चोरी और किसी साजिश का प्रतीत हो रहा है। संयुक्त कमिश्नर से मिली शिकायत और जांच के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या रिकॉर्ड रूम से कोई महत्वपूर्ण सरकारी फाइल या दस्तावेज गायब हुआ है या नहीं, और इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे किसका हाथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *