गुरुग्राम 16 अगस्त 2026 : नांदेड के गुरुद्वारा परिसर में हमले में घायल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को रविवार दोपहर गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीटी स्कैन के बाद डॉक्टरों ने किया डिस्चार्ज
हाथ में लगी चोट की जांच के लिए शनिवार को उनका सीटी स्कैन कराया गया था। सूत्रों के अनुसार जांच में चोट की स्थिति बहुत अधिक गंभीर नहीं पाई गई। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय लिया। छुट्टी मिलने के बाद सुखबीर बादल परिवार के सदस्यों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
सुखबीर सिंह बादल को शुक्रवार शाम हाथ में लगी चोट के उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका उपचार प्लास्टिक सर्जन डॉ. संजय महेंद्रू के मार्गदर्शन में किया गया। शनिवार को सीटी स्कैन के साथ उनकी शुगर समेत अन्य जरूरी जांच भी कराई गई थीं।
चिकित्सकों ने उनकी चोट की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी। अस्पताल की ओर से हालांकि कोई औपचारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया। बता दें कि नांदेड स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवां जी में दर्शन के दौरान सुखबीर बादल पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। हमले में उनके हाथ में चोट लगी थी।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दिल्ली रवाना
घटना के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद विशेषज्ञ उपचार के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लाया गया था। मेदांता में भर्ती रहने के दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सुरक्षा और चिकित्सकीय कारणों से उनसे मिलने वालों की संख्या सीमित रखी गई थी। रविवार को छुट्टी मिलने के बाद परिवार उन्हें लेकर दिल्ली रवाना हो गया।
