हिसार 14 अप्रैल 2026 : हरियाणा में गर्मी ने तेजी पकड़ ली है। मौसम विभाग के 13 अप्रैल के बुलेटिन के मुताबिक राज्य के 19 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। सबसे ज्यादा तापमान भिवानी में 37.4°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.7°C की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें और तेजी से इजाफा होने की संभावना है।
हिसार, रोहतक, जींद, सिरसा, नूंह, पलवल, महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में गर्मी का असर साफ दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 4-6°C तक और बढ़ोतरी संभव है। अगले 2 दिन 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि अभी हीट वेव की कोई संभावना नहीं है।
मौसम शुष्क रहने और तापमान बढ़ने के चलते किसानों को सिंचाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। गेहूं में पीला रतुआ और कीटों की नियमित निगरानी करें। सरसों व तिलहन फसलों में माहू (एफिड) दिखने पर तुरंत नियंत्रण उपाय अपनाएं। फलों के बागों में हल्की सिंचाई और खाद प्रबंधन जारी रखें।
तेज हवाओं को देखते हुए कटी फसल को सुरक्षित बांधकर रखें। अगले 3-4 दिन मौसम बदलने की संभावना के कारण नई बुवाई और स्प्रे कार्य टालें। पशुओं को दिन में छांव में रखें और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं ताकि हीट स्ट्रेस से बचाव हो सके।
