चंडीगढ़ 31 मई 2026 : शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर पहुंच अब आसान होगा। पांच किलोमीटर की दूरी कम होगी और जाम से भी छुटकारा मिलेगा। रविवार को 164 फीट चौड़ा शार्टकट (वैकल्पिक) रूट आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
सेक्टर 65-66 जंक्शन के पास बावा व्हाइट हाउस से होकर सेक्टर 66-बी तक जाने वाला वैकल्पिक मार्ग खुलने से चंडीगढ़ और मोहाली से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों का सफर काफी आसान हो जाएगा। इससे दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन चालकों भी फायदा मिलेगा।
पंजाब और हरियाणा से आने वाले अधिकतर वाहन चालक अभी पीआर-7 मार्ग का उपयोग करते हैं। नया वैकल्पिक मार्ग शुरू होने के बाद मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। शार्टकट रूट खोलने की तिथि को लेकर गमाडा के अधिकारी भी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी जानकारी दे चुके हैं।
इस समय मोहाली और चंडीगढ़ के लोगों को फेज-11 से आईआईएसईआर लाइट प्वाॅइंट और एयरपोर्ट चौक से घूमकर एयरपोर्ट पहुंचना पड़ता था। नई सड़क खुलने से यह लंबा चक्कर खत्म हो जाएगा। एयरपोर्ट की दूरी 11.6 किलोमीटर से घटकर 8.5 किलोमीटर रह जाएगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट रोड से पटियाला और राजपुरा जाने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।
यूटी प्रशासन की भी है शार्ट रूट बनाने की योजना
यूटी प्रशासन ने पूर्व मार्ग सेक्टर-48-47 से इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक 60 मीटर चौड़ी नई सड़क बनाने फैसला लिया हुआ है। इसमें तीन मुख्य कैरेज-वे, दो सर्विस लेन और दोनों तरफ तीन मीटर चौड़े साइकिल ट्रैक बनाया जाने का प्रस्ताव है।
नई सड़क के लिए अभी जमीन अधिग्रहण को लेकर मामला फंसा हुआ है, जिस पर 16 जुलाई को सुनवाई होगी। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से शार्ट रूट बनाने से एयरपोर्ट तक की दूरी 11.5 किलोमीटर से घटकर 3.5 किलोमीटर रह जाएगी।
पुराने एयरपोर्ट टर्मिनल को शुरू करने की मांग
एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल को भी शुरू करने की मांग उठ रही है, लेकिन पिछले साल सांसद मनीष तिवारी की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में कोई योजना नहीं है।
हर साल इस टर्मिनल पर लाखों रुपये का खर्चा रखरखाव पर हो रहा है। हरियाणा सरकार भी इस पुराने एयरपोर्ट टर्मिनल को शुरू करने की मांग कर चुकी है।
