• Sun. Mar 22nd, 2026

पंजाब: खस्ताहाल सड़क ने ली युवक की जान, हादसे से मचा हड़कंप

दीनानगर 22 मार्च 2026 : पिछले साल आई बाढ़ के कारण सड़कों के किनारे पूरी तरह टूट चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते रोजाना आने-जाने वाले लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। आज फिर गांव रामपुर (बहरामपुर के पास) के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, एक कार में दो युवक दीनानगर की ओर से अपने गांव रामपुर जा रहे थे। जब वे गांव से कुछ दूरी पर पहुंचे, तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। सड़क किनारे टूटे होने के कारण कार पेड़ से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 20 वर्षीय अंकुश की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

बताया जा रहा है कि मृतक अंकुश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टूटी सड़कों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *