• Sat. May 30th, 2026

PUBG दोस्त का खौफनाक जाल: युवती को फंसाकर अश्लील तस्वीरों से किया ब्लैकमेल

लुधियाना 30 मई 2026 : ऑनलाइन गेमिंग ऐप पर दोस्ती का झांसा देकर एक युवती को अपने जाल में फंसाने, उसकी अश्लील तस्वीरें खींचकर ब्लैकमेल करने और फिर बीच सड़क पर गाड़ी में बंधक बनाकर लूटपाट करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवती की शिकायत पर थाना हैबोवाल पुलिस ने जालंधर के एक शातिर युवक तरन कुमार के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

जालंधर जिले के पिंड गिल खांबड़ा का रहने वाला है आरोपी
पीड़ित युवती ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि कुछ समय पहले पबजी/ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान उसकी जान-पहचान तरन कुमार नाम के युवक से हुई थी, जो जालंधर जिले के पिंड गिल खांबड़ा का रहने वाला है। धीरे-धीरे दोनों की यह पहचान गहरी दोस्ती में बदल गई। इसके बाद आरोपी तरन कुमार अक्सर युवती से मिलने के बहाने जालंधर से लुधियाना आने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी तरन कुमार जब भी लुधियाना आता, तो उसे बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में बुलाकर बिठा लेता था। इसी दौरान आरोपी ने गाड़ी के भीतर युवती के साथ कई बार अश्लील हरकतें कीं और धोखे से उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं। इतना ही नहीं, शातिर आरोपी ने पीड़िता की फेसबुक आईडी को खंगालकर वहां से भी उसकी कई तस्वीरें चोरी-छिपे डाउनलोड कर लीं। इसके बाद आरोपी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू किया।

आरोपी ने पीड़िता के गुप्त अंगों के साथ जबरदस्ती की छेड़छाड़
उसने पीड़िता को डराना-धमकाना शुरू कर दिया कि वह इन तस्वीरों को किसी अजनबी से एडिट करवाकर इंटरनेट पर अश्लील रूप में वायरल कर देगा। बदनामी और लोक-लाज के डर से पीड़िता बुरी तरह सहम गई और चुपचाप उसकी प्रताड़ना सहती रही। आरोपी के हौसले इतने बुलंद हो चुके थे कि उसने ब्लैकमेलिंग के इरादे से पीड़िता को हैबोवाल के चूहड़पुर रोड पर मिलने के लिए मजबूर किया। पीड़िता जब खौफ के साए में वहां पहुंची, तो आरोपी ने उसे जबरन अपनी गाड़ी के भीतर खींच लिया। गाड़ी के अंदर आरोपी ने पीड़िता के गुप्त अंगों के साथ जबरदस्ती करते हुए छेड़छाड़ की। जब पीड़िता ने अपनी आबरू बचाने के लिए उसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी हैवानियत पर उतर आया। उसने पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके हाथ में पहना हुआ सोने का कीमती ब्रेसलेट और उसका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को छोड़ मौके से गाड़ी भगा ले गया।

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता ने आरोपी उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर सकता है।इस मामले में थाना हैबोवाल की इंस्पेक्टर कुलवंत कौर ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तरन कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस विभाग का कहना है कि आरोपी को दबोचने के लिए जालंधर और उसके आस-पास के इलाकों में विशेष पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *