• Sun. Aug 9th, 2026

प्रफुल्ल पटेल का बड़ा बयान : NCP अध्यक्ष पद की रेस पर विराम, सुनेत्रा पवार पर भी साफ जवाब

नई दिल्ली 03 फरवरी 2026 : उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक चर्चाएं तेज थीं। इस पद के लिए प्रफुल्ल पटेल के नाम की चर्चा शुरू होने के बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन अब पटेल ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है।

प्रफुल्ल पटेल ने साफ कहा, “राष्ट्रवादी पार्टी के अध्यक्ष पद का फैसला सही तरीके से होगा, सही दिशा में होगा, सही व्यक्ति का ही होगा और वह मेरे बिना होगा।” यानी उन्होंने साफ तौर पर ऐलान कर दिया कि वह राष्ट्रवादी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं हैं।

उन्होंने अपने आलोचकों पर हमला बोलते हुए कहा, “जो लोग कभी जनता के बीच जाकर चुनाव नहीं लड़े, ऐसे लोगों को मेरे बारे में चर्चा करने का क्या अधिकार है? 1952 से मेरे पिता को जनता ने चुना और मुझे भी कई वर्षों तक लोगों ने चुना है। हमारे बारे में और हमारे बैकग्राउंड पर इस तरह की बातें करना शर्मनाक है।”

पटेल ने आगे कहा कि बिना किसी आधार के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद खड़ा करना और पार्टी में शक पैदा करना बेहद गलत है। “हम अपनी पार्टी के अध्यक्ष पद का सही फैसला करेंगे। यह जिम्मेदारी किसी और को दी जाएगी, न कि मुझे। सही व्यक्ति का चयन किया जाएगा। अजित दादा के निधन के बाद आगे की दिशा और नेतृत्व को लेकर जिम्मेदारी मेरे ऊपर है और मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभा रहा हूं।”

राज ठाकरे पर पलटवार
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा था कि राष्ट्रवादी जैसे बड़े पार्टी का अध्यक्ष कोई मराठी होना चाहिए, पाटील चलेगा लेकिन पटेल नहीं। इस पर पलटवार करते हुए प्रफुल्ल पटेल ने कहा, “राज ठाकरे या कोई और यह तय करने वाला कौन होता है कि हमारे पार्टी का अध्यक्ष या नेता कौन होगा? क्या वे हमारी पार्टी के नेता हैं? जैसे हमने उपमुख्यमंत्री पद पर सही फैसला लिया, वैसे ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर भी सही फैसला करेंगे और उसकी प्रक्रिया जारी है।”

इस बीच, प्रफुल्ल पटेल के इस ऐलान के बाद कि वे अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं हैं, माना जा रहा है कि अब सुनेत्रा पवार का इस पद पर चयन लगभग तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed