• Tue. Sep 1st, 2026

लुधियाना में कबूतरबाज़ों का जाल, Canada वर्क वीजा के नाम पर लाखों की ठगी

लुधियाना 19 फरवरी 2026 : विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले कबूतरबाजों का जाल महानगर में लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामले में एक शातिर ठग ने एक युवक को कनाडा का वर्क वीजा दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपए की चपत लगा दी। इस मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने शिखा वर्मा की शिकायत पर आरोपी पंकज शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता शिखा वर्मा ने आरोप लगाया कि आरोपी पंकज शर्मा ने उनके बेटे अंकित वर्मा को कनाडा भेजने का भरोसा दिया था। इस सौदे के तहत आरोपी ने फाइल खर्च और वीजा के नाम पर कुल 10 लाख रुपए हासिल किए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब अंकित का वीजा नहीं लगा, तो परिवार ने अपने पैसे वापस मांगना शुरू कर दिए। 

मगर बार-बार दबाव बनाने के बाद आरोपी ने कुछ पैसे तो लौटा दिए, लेकिन करीब 5,50,000 रुपए की राशि डकार गया। काफी समय तक टाल-मटोल करने और पैसे वापस न करने पर पीड़िता ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को शिकायत सौंपी। जांच अधिकारी ने पड़ताल में पाया कि आरोपी ने न तो युवक को विदेश भेजा और न ही बकाया राशि लौटाई, जो ऐसा कर सीधे तौर पर धोखाधड़ी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed