• Sun. Aug 30th, 2026

पंजाब भाजपा में हलचल तेज, 31 अगस्त से सतीश पूनिया का दौरा; संगठन की कमियां तलाशकर देंगे सुधार के निर्देश

 चंडीगढ़ 30 अगस्त 2026 : भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रभारी, राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव डाॅ. सतीश पूनिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक तीन दिवसीय पंजाब के संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठकें कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करेंगे और आगामी गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।

उनका दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भाजपा पंजाब में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी है। भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने बताया कि डा पूनिया के दौरे की शुरुआत 31 अगस्त को चंडीगढ़ से होगी।

वह सेक्टर 37-ए स्थित भाजपा पंजाब कार्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रदेश सोशल मीडिया, आईटी और मीडिया टीम के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। दिन के अंत में प्रदेश कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक होगी।

जालंधर में पदाधिकारियों के साथ करेंगे मंथन

एक सितंबर को डाॅ. पूनिया जालंधर पहुंचेंगे। यहां पीएम सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों तथा प्रदेश महासचिवों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में पार्टी की मौजूदा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।अमृतसर में हरमंदिर साहिब में करेंगे दर्शन

दो सितंबर को डाॅ. पूनिया जालंधर में अनौपचारिक बैठकों में हिस्सा लेने के बाद अमृतसर रवाना होंगे। वहां भाजपा कार्यालय का दौरा करने के बाद दुर्गियाना मंदिर और श्री हरमंदिर साहिब में दर्शन करेंगे। अनिल सरीन ने कहा कि डा पूनिया का पंजाब दौरा प्रदेश नेतृत्व और संगठनात्मक टीमों के लिए महत्वपूर्ण है।

उनके मार्गदर्शन से पार्टी संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा मजबूत, अनुशासित और सक्रिय संगठन तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ जनता की सेवा के लिए लगातार काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *