• Tue. Oct 27th, 2026

लुधियाना में दुकानदारों को नोटिस, न सुधरे तो होगी सख्त कार्रवाई

लुधियाना 22 मई 2025 : शहर की सड़कों को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने के लिए पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा द्वारा चलाई गई मुहिम के तहत पहले चरण में 8 प्रमुख सड़कों को नो टॉलरैंस जोन घोषित करते हुए वहां पर यैलो लाइन लगवा दी गई है। दुकानदारों को पहले 20 दिन के करीब जागरूक किया गया कि वे यैलो लाइन के बाहर कोई सामान न रखें।

इसके बाद अब पुलिस विभाग के आदेशों का पालन न करने वाले दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। अगर दुकानदार फिर भी न सुधरे तो उनके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसी कड़ी में ट्रैफिक जोन इंचार्ज अवतार सिंह संधू ने भामिया रोड पर एक बिल्डिंग मैटीरियल स्टोर की शिकायत आने पर उसे नोटिस जारी किया है।

त्रिकोणी पार्क से लेकर भामिया रोड को नो टॉलरैंस जोन घोषित किया गया है। यहां पर सड़क की चौड़ाई काफी कम है। जिससे अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। क्षेत्र के लोगों ने भी पुलिस विभाग को कई बार शिकायत दर्ज करवाई थी कि उक्त बिल्डिंग स्टोर का मालिक किसी नियम कायदे को मानने को तैयार नहीं।

इसके बाद जोन इंचार्ज अवतार सिंह संधू ने आज बिल्डिंग स्टोर के मालिक को नोटिस जारी किया है तथा उन्हें चेतावनी भी दी गई है कि अगर नोटिस के बावजूद भी दुकान के बाहर सामान सजाना या रखना ना बंद किया तो पुलिस सख्त एक्शन लेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के आदेशों पर ए.सी.पी. ट्रैफिक जतिन बांसल की सुपरविजन में यह कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *