19 जुलाई 2026 : महाराष्ट्र के नासिक में ‘नियो मेट्रो’ की जगह नियमित मेट्रो परियोजना को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतिम ड्राफ्ट (डीपीआर) पर मंगलवार (21 जुलाई) को संभागीय आयुक्त कार्यालय में अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वर्ष 2018 में टायर-आधारित ‘नियो मेट्रो’ की घोषणा की थी, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी यह परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी। इसके बाद सिंहस्थ कुंभ और तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए विधायक राहुल ढिकले ने मुख्यमंत्री से नियो मेट्रो के बजाय नियमित मेट्रो परियोजना पर विचार करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस मांग पर सकारात्मक पहल के बाद परियोजना को नई गति मिली है।
बैठक में महामेट्रो द्वारा तैयार किए गए परिवहन मास्टर प्लान का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के सुझाव और आपत्तियों को शामिल करने के बाद अंतिम मसौदा राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
नासिक महानगर क्षेत्र की आबादी 25 लाख से अधिक हो चुकी है और शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है। भविष्य की यात्री संख्या को देखते हुए नियमित मेट्रो के लिए आवश्यक मानकों को पूरा माना जा रहा है। ऐसे में यह बैठक नासिक के सार्वजनिक परिवहन के भविष्य को तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।
