• Sat. Oct 10th, 2026

मायावती और अखिलेश यादव ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

लखनऊ 17 सितंबर 2025 : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख अखिलेश और मायावती ने PM मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को स्वस्थ, सार्थक, सौहार्दपूर्ण, समावेशी, सकारात्मक जीवन की शुभकामनाओं के साथ जन्मदिन की हार्दिक बधाई। मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं तथा उनके अच्छे स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की भी क़ुदरत से कामना।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज अपने आत्मविश्वास से पूरी दुनिया को प्रेरित कर रहा है। मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ से सेवा पखवाड़ा 2025 का शुभारंभ करते हुये उन्होंने कहा ‘ यह हम सबका सौभाग्य है कि सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पावन जन्मदिन से हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी केवल भारत के ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता हैं। आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन कर रही है। जो भारत कभी पिछलग्गू माना जाता था, लेकिन आज अपने आत्मविश्वास से दुनिया को प्रेरित कर रहा है।

योगी ने कहा कि विरासत का सम्मान आज केवल घोषणा नहीं, बल्कि हकीकत है। अयोध्या में 500 वर्षों के बाद रामलला का भव्य मंदिर बना। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण वैश्विक जगत को आकर्षित कर रहा है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का कायाकल्प हुआ है। महाकाल लोक का निर्माण और अन्य धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण नए भारत की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की स्मृतियों से जुड़े अनेक रचनात्मक कार्य किए गए हैं, जो सामाजिक न्याय और सामाजिक उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *