लुधियाना 25 जुलाई 2026 : शहर के घनी आबादी वाले इलाके हरगोविंद नगर, नीला झंडा रोड स्थित एक आटा चक्की में शुक्रवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड फ्लोर से शुरू होकर कुछ ही देर में मकान की पहली मंजिल तक पहुंच गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय मकान की पहली मंजिल पर परिवार के सदस्य सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं देखकर उन्होंने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग से आटा चक्की और भवन में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।
