अमृतसर/जालंधर 26 सितंबर, 2026 : पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बॉर्डर रेंज पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के साथ संयुक्त सर्च ऑप्रेशन चलाया। पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान की निगरानी बॉर्डर रेंज के आई.जी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने की।
संयुक्त टीमों ने सीमावर्ती गांवों, संवेदनशील इलाकों और सीमा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और संवेदनशील स्थानों की जांच की। अधिकारियों ने संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। आई.जी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुलिस और बी.एस.एफ. के जवानों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों सुरक्षा एजैंसियों के बीच बेहतर तालमेल से सीमा क्षेत्र की सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करना, असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। इस दौरान लोगों से भी अपील की गई कि वे किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। बॉर्डर रेंज पुलिस ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेषकर रात के समय निगरानी और गश्त बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।
