• Fri. Dec 5th, 2025

दिल्ली में फिर गूंजा हरियाणा, पांचवीं बार हरियाणवी बना मुख्यमंत्री

20 फरवरी 2025  , चंडीगढ़ : तीन दशकों बाद भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक वापसी दर्ज की, जिसके साथ ही हरियाणा ने भी राजनीतिक इतिहास में एक नई उपलब्धि जोड़ ली। रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के साथ, हरियाणा से ताल्लुक रखने वाली तीसरी शख्सियत ने दिल्ली की सत्ता संभाली, और यह रिकॉर्ड पांचवीं बार हुआ जब किसी हरियाणवी ने दिल्ली की कुर्सी पर कब्जा जमाया। रेखा गुप्ता के नेतृत्व संभालने पर पूरे हरियाणा में जश्न का माहौल है।

उनके पैतृक गांव नंदगढ़, जिला जींद में लोगों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की विजय बताया। दिल्ली भाजपा के पर्यवेक्षक ओमप्रकाश धनखड़ ने भी हरियाणवी परंपरा के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शगुन देकर शुभकामनाएं दीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

रेखा गुप्ता: हरियाणा से दिल्ली की सत्ता तक का सफर

रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में जींद जिले के जुलाना कस्बे के नंदगढ़ गांव में हुआ। 1976 में उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। छात्र जीवन से ही राजनीति में रुचि रखने वाली रेखा ने कॉलेज में महासचिव पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने वाणिज्य में स्नातक और एलएलबी की पढ़ाई की। उनके परिवार का सामाजिक और धार्मिक कार्यों से गहरा नाता रहा है। अब उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ यह विरासत और मजबूत हो गई है।

सुषमा स्वराज: दिल्ली की पहली हरियाणवी मुख्यमंत्री

इससे पहले, 11 अक्टूबर 1998 को अंबाला कैंट में जन्मीं सुषमा स्वराज दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। महज 25 साल की उम्र में हरियाणा कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री बनने वाली सुषमा स्वराज ने राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। उनकी बेटी बांसुरी स्वराज वर्तमान में दिल्ली से भाजपा सांसद हैं और पेशे से वकील हैं।

अरविंद केजरीवाल: हरियाणवी मुख्यमंत्री जिन्होंने तीन बार संभाली दिल्ली की सत्ता

हरियाणा के हिसार जिले के सिवानी में 1968 में जन्मे अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन से अपनी पहचान बनाई और 2013 में कांग्रेस की शीला दीक्षित को हराकर पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद उन्होंने लगातार तीन बार दिल्ली की सत्ता संभाली। हाल ही में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते उन्हें जेल जाना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा देकर आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया।

अब पहली बार भाजपा की विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली की कमान सौंपी गई है। उनके मंत्रिमंडल में हरियाणा के सिरसा जिले से ताल्लुक रखने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा को भी शामिल किया गया है। इस तरह, हरियाणा ने एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में अपना परचम लहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *