पंजाब 15 मार्च 2026 : हरियाणा के पानीपत में मनी एक्सचेंज सेंटर पर हुई फायरिंग के बाद अब मशहूर बॉलीवुड रैपर Badshah को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए बादशाह को खुली चेतावनी दी गई है कि इस बार निशाना उनका क्लब नहीं, बल्कि वे खुद होंगे।
मनी एक्सचेंज सेंटर पर अंधाधुंध फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत में असंध रोड पर स्थित ‘हस्त फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड’ नाम के मनी एक्सचेंज सेंटर पर शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग की। बदमाशों ने करीब 7 राउंड फायर किए, जिनकी गोलियां दुकान की खिड़कियों पर लगीं और शीशे टूट गए। घटना के वक्त मौजूद कर्मचारी हरीश और प्रीति ने काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।
सोशल मीडिया पोस्ट में बादशाह को चेतावनी
फायरिंग के बाद रणदीप मलिक और अनिल पंडित के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में दावा किया गया कि यह कार्रवाई हवाला कारोबारियों के खिलाफ एक ‘ट्रेलर’ है। पोस्ट के अंत में रैपर बादशाह को निशाना बनाते हुए लिखा गया कि 2024 में उनके क्लब के बाहर धमाके ‘ट्रेलर’ थे और अब सीधे उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई है। सीधे माथे पर गोली मारेंगे। पोस्ट में 2024 में चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में क्लबों के बाहर हुए धमाकों का भी जिक्र किया गया है
