लुधियाना 07 जून 2026 : महानगर में लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े राहगीरों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला नूरांवाला रोड इलाके से सामने आया है, जहां फैक्टरी की पेमेंट लेने जा रहे एक युवक को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने न केवल बुरी तरह पीटा, बल्कि उसका नकदी से भरा बैग और जरूरी दस्तावेज तक छीन लिए। थाना मेहरबान की पुलिस ने जसविंदर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीते 3 जून की दोपहर करीब 1:50 बजे वह अपने मोटरसाइकिल (नंबर PB-91-K-4498) पर सवार होकर फैक्टरी की पेमेंट लेने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह नूरांवाला रोड के पास स्थित आलू स्टोर के करीब पहुंचा, तो पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने उसे धक्का मारकर मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया और लात-घूसों से मारपीट की। इसके बाद लुटेरे उसका पैसों वाला बैग, पर्स और मोटरसाइकिल की चाबी छीनकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उसके पर्स में उसका पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एटीएम कार्ड मौजूद थे। लुटेरे उसकी गाड़ी की चाबी भी अपने साथ ले गए, जिससे वह वहीं फंस गया। पीड़ित ने फिलहाल नकदी के बारे में जानकारी बाद में देने की बात कही है। लूट की इस वारदात ने इलाके के लोगों में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
