• Sun. Apr 19th, 2026

पॉश इलाके में दिनदहाड़े वारदात, CCTV खंगाल रही पुलिस

लुधियाना 19 अप्रैल 2026  इंडस्ट्रियल सिटी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे लग्जरी बाइक्स को भी अपना निशाना बनाने लगे हैं। शहर के पॉश इलाके पवेलियन मॉल से सेशन चौक की ओर जा रहे एक युवक के साथ बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे युवक की कीमती ‘हार्ले डेविडसन’ बाइक छीनकर रफूचक्कर हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना डिविजन नंबर 8 की पुलिस ने माधव गोयल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 2 अप्रैल  को वह अपने काले रंग के हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल (नंबर: PB02DM-5757, मॉडल 2019) पर सवार होकर पवेलियन मॉल से सेशन चौक की तरफ अपने घर जा रहा था। अभी वह रास्ते में ही था कि अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने फिल्मी स्टाइल में उसकी बाइक के आगे अपना वाहन अड़ा दिया और उसे रुकने पर मजबूर कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, मोटरसाइकिल रोकने के बाद बदमाशों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे डराया-धमकाया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने जबरन मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और उसकी कीमती हार्ले डेविडसन लूटकर मौके से फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *