• Sun. Apr 26th, 2026

Crime News: 8 दिन में 16 करोड़ का ट्रांजैक्शन से हरकत में आई पुलिस, चौकाने वाला खुलासा

26 अप्रैल 2026 : दिल्ली पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खातों और मुखौटा कंपनियों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी को बढ़ावा देने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और आठ दिनों के भीतर 16 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का पता लगाने के बाद दो फर्जी निदेशकों को गिरफ्तार किया है। 

एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। ‘म्यूल’ बैंक खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिन्हें दूसरों के नाम से खुलवाया जाता है और जिनका इस्तेमाल अवैध तरीके से अर्जित धन के लेनदेन के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि आरोपी सोनू कुमार और अमिंदर सिंह एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के फर्जी निदेशक के रूप में काम कर रहे थे। ऐसा पाया गया कि यह कंपनी धनशोधन के केंद्र में थी। 

यह मामला राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर चिह्नित संदिग्ध ‘म्यूल’ खातों के विश्लेषण और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के “समन्वय” पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दर्ज किया गया। जांच के दौरान बवाना शाखा में कंपनी से जुड़े एक बैंक खाते पर उस समय संदेह हुआ जब पता चला कि यह कई राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की 336 शिकायतों से जुड़ा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि खाते में असामान्य गतिविधि देखी गई और इसका इस्तेमाल धन के लेन-देन के विभिन्न स्तरों पर किया गया। विस्तृत वित्तीय विश्लेषण से पता चला कि आठ दिनों के भीतर खाते के माध्यम से 16 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया गया, जो बड़े पैमाने पर धनशोधन का संकेत देता है। पुलिस ने बताया कि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *