नई दिल्ली 11 सितंबर, 2026 : भारत की मेजबानी में राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया है कि इस दो दिवसीय सम्मेलन में वैश्विक कल्याण और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक और फलदायी चर्चा होगी।
पीएम मोदी का ‘X’ पर संदेश
पीएम मोदी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “अगले कुछ दिनों में, दुनिया भर के नेता ब्रिक्स समिट के लिए इकट्ठा होंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि इस सम्मेलन में वैश्विक कल्याण की भावना के साथ कई मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में ब्रिक्स समिट के लिए दुनिया भर के नेता इकट्ठा होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि इस समिट में दुनिया के कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।
विदेश मंत्रालय (MEA) में OSD (PR) वासुदेव रवि ने बताया कि ब्रिक्स समिट के दौरान भारत मंडपम कॉम्प्लेक्स के इंटरनेशनल मीडिया सेंटर में लगभग 1,200-1,300 पत्रकारों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ-साथ पार्टनर और आमंत्रित देशों के भी बड़ी संख्या में पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है।
ब्रिक्स समिट 2026 से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच गए हैं। अपनी यात्रा के दौरान, पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
