4 जुलाई 2026 : मुंबई के वांद्रे (बांद्रा) पूर्व में गरीबनगर झुग्गी हटाए जाने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला आधुनिक पैसेंजर डेक तैयार किया गया है। इस डेक की क्षमता एक समय में करीब 700 यात्रियों की है। इसका उद्देश्य रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में होने वाली भीड़ को कम करना तथा पैदल यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है।
रोजाना लाखों यात्रियों को मिलेगा लाभ
अधिकारियों के अनुसार, वांद्रे रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 5 लाख यात्री आवागमन करते हैं। नया डेक फुटओवर ब्रिज और स्काईवॉक को आपस में जोड़ता है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग दिशाओं में आसानी से आने-जाने का रास्ता मिलेगा और भीड़ का दबाव कम होगा।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर जोर
नए डेक के निर्माण का उद्देश्य पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना, स्टेशन परिसर में अव्यवस्था कम करना और सार्वजनिक परिवहन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। इसके शुरू होने से रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ कम होने की उम्मीद है।
शहरी बुनियादी ढांचे को मिलेगा मजबूती
रेलवे और संबंधित एजेंसियों का मानना है कि यह परियोजना मुंबई के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को अधिक आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा के लिए ऐसे बुनियादी ढांचा विकास कार्य जारी रखने की योजना है।
