लुधियाना 30 मई 2026 : महानगर के ग्रामीण इलाके में एक डेयरी फार्म को निशाना बनाकर डकैती और चोरी की नीयत से सरेराह धावा बोलने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने आधी रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर डेयरी में काम करने वाले एक मासूम कर्मचारी को बंधक बना लिया, उसके साथ मारपीट की और डेयरी से भैंस व कीमती सामान समेटने की कोशिश की। हालांकि, डेयरी मालिक की सूझबूझ और ऐन मौके पर पहुंचने के कारण बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे, लेकिन जाते-जाते वे डेयरी से कीमती सामान चोरी कर ले गए।
3 अज्ञात नकाबपोश बदमाश जबरन डेयरी के भीतर हुए दाखिल
पीड़ित डेयरी मालिक मनप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उसने खेतीबाड़ी वाली जमीन के बिल्कुल पास ही अपनी दूध की डेयरी बनाई हुई है। बीते 16 मई की रात को डेयरी पर उसका कर्मचारी लालमन प्रसाद मौजूद था। रात के करीब 2:45 बजे अचानक 3 अज्ञात नकाबपोश बदमाश जबरन डेयरी के भीतर दाखिल हो गए। बदमाशों ने अंदर घुसते ही कर्मचारी लालमन प्रसाद को हथियारों के बल पर डराया-धमकाया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने से रोकने के लिए बदमाशों ने कर्मचारी को घसीटते हुए एक कमरे के अंदर बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगा दी। कमरे में बंद कर्मचारी ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अंदर से ही डेयरी मालिक को फोन पर इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी। फोन आते ही डेयरी मालिक बिना कोई वक्त गंवाए अपने पिता को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंचा।
डेयरी संचालकों में भारी दहशत
जब वे डेयरी के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बदमाश अपने साथ एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी (नंबर: PB10JM3627) लेकर आए थे और जबरदस्ती डेयरी की एक भैंस को उस गाड़ी में लादने की कोशिश कर रहे थे। डेयरी मालिक और उसके पिता ने बिना डरे जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया और बदमाशों को ललकारा। खुद को घिरता देख और पकड़े जाने के डर से बदमाशों में खलबली मच गई। वे भैंस को गाड़ी में लोड करने का इरादा छोड़कर तुरंत अपनी पिकअप गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, भागने से पहले बदमाशों ने डेयरी परिसर में हाथ-पांव मारते हुए पानी वाली मोटर की मेन बिजली की तार और ट्रैक्टर का मुख्य पार्ट्स (ड्राइवर/कीमती सामान) चोरी कर लिया और उसे अपने साथ ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके के डेयरी संचालकों में भारी दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के हाथ बदमाशों की महिंद्रा पिकअप गाड़ी का नंबर लग चुका था। जिसके जरिए सुराग खंगाले हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है आरोपी अनदीप सिंह, करण और उनके अज्ञात साथी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है
