• Thu. Oct 22nd, 2026

हरियाणा के कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, लोग रहे सावधान, पढ़ें मौसम का पूरा हाल

हिसार 28 दिसंबर 2024 : हरियाणा में लगातार दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। सुबह से पानीपत समेत कई जगह बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। ओलावृष्टि की भी संभावना है।

बता दें कि 19 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। यहां शीतलहर भी चलेगी। शुक्रवार को सबसे ज्यादा सोनीपत में 29MM बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद नमी से फसलों में कीटों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में किसान फसलों की निगरानी करें और नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्रों व कृषि वैज्ञानिकों की सलाह पर ही फसल पर दवा का छिड़काव करें।

और बढ़ेगी ठंड 

आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। बारिश के बाद एकाएक धुंध और बढ़ेगी। 29 दिसंबर से हवा की दिशा बदलकर पूर्व से उत्तर-पश्चिम हो जाएगी। ऐसे में पहाड़ों की तरफ से हवा बहकर मैदानी इलाकों में प्रवेश करेगी। इससे दिन और रात दोनों का तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 29 दिसंबर से पूरे प्रदेश में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। 

5 जिलों में गिरे ओले

27 दिसंबर को हिसार, सिरसा, भिवानी, फतेहाबाद और कैथल जिले के कई गांवों में ओलावृष्टि हुई। इससे फसलें पूरी तरह तबाह हो गई। सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं, सरसों और चने को हुआ। इसके अलावा सब्जियों की फसल भी इन जिलों में खराब हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *