मुंबई 11 जुलाई 2026 : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का साथ छोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए धाराशिव से सांसद ओमराजे निंबालकर ने हाल ही में मुंबई के नंदनवन में शिंदे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने धाराशिव लोकसभा क्षेत्र से जुड़े लंबित मुद्दों और जनहित के आठ प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ओमराजे निंबालकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि बैठक में किसानों, सिंचाई, पेयजल, बिजली, उद्योग, रोजगार और आम नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के विकास को गति देगी।
एकनाथ शिंदे के सामने रखी गईं प्रमुख मांगें
धाराशिव में आधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना।
कृष्णा–मराठवाड़ा सिंचाई परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा और पर्याप्त फंड।
7 टीएमसी जल परियोजना के लिए विशेष बजट और कार्यों में तेजी।
किसानों को लाभ दिलाने के लिए फसल बीमा के नियमों में संशोधन।
वैराग में महावितरण का अलग उप-विभागीय कार्यालय शुरू किया जाए।
फसल नुकसान झेल चुके किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता मिले।
मांजरा और तेरणा नदी पर बैराज निर्माण कर जल भंडारण बढ़ाया जाए।
कौडगांव MIDC में लॉजिस्टिक पार्क स्थापित कर औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जाए।
इसके अलावा, श्री तुलजाभवानी मंदिर में पुजारियों और मंदिर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं को सुगम और तेज दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
