• Sun. Jul 5th, 2026

चंडीगढ़ में 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत गिरी,  मलबे में दबे लोगों का 5  घंटे तक चला रेस्क्यू

चंडीगढ़ 05 जुलाई 2026 : चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के वक्त इमारत के अंदर मौजूद बिल्डिंग मालिक और कुछ मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए करीब साढ़े पांच घंटे तक लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। बचाव दल ने मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू के दौरान दो लोगों को सफेद कपड़े में लपेटकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि प्रशासन की ओर से की जानी बाकी है।

हादसे के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। राहत एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत गिरने का कारण क्या था। प्रारंभिक तौर पर इमारत के काफी पुराने होने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *