19 नवंबर 2026 : चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (Panjab University) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक और शोध क्षमता का प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूनिवर्सिटी ने टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) की इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में 24 स्थानों की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 150वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से यूनिवर्सिटी की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है।
19 नवंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, Panjab University का कुल स्कोर बढ़कर 55 हो गया है, जबकि 2026 की रैंकिंग में यह स्कोर 52.8 था। वहीं, 2025 में यूनिवर्सिटी का कुल स्कोर 48.6 रहा था। लगातार बेहतर होते स्कोर से विश्वविद्यालय के शोध और शैक्षणिक सहयोग के प्रयासों में सुधार दिखाई देता है।
रैंकिंग के पिछले तीन संस्करणों पर नजर डालें तो Panjab University ने 2025 में 165वां स्थान हासिल किया था। इसके बाद 2026 में विश्वविद्यालय नौ स्थान नीचे खिसककर 174वें स्थान पर पहुंच गया था। हालांकि, 2027 की नई रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने शानदार वापसी करते हुए 24 स्थानों का सुधार किया और संयुक्त रूप से 150वें स्थान पर जगह बनाई।
इस बार विश्वविद्यालय के प्रदर्शन में सबसे बड़ा सुधार ‘प्रोसेस’ श्रेणी में देखने को मिला है। इस श्रेणी में विश्वविद्यालय का स्कोर 2026 के 33.3 से बढ़कर 2027 में 58.3 हो गया। इसमें लगभग 75.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह श्रेणी विश्वविद्यालय में अलग-अलग विषयों के शोधकर्ताओं के बीच सहयोग, शोध सुविधाओं, प्रशासनिक सहायता और शोध कार्यों को मिलने वाले संस्थागत समर्थन का मूल्यांकन करती है।
वहीं, ‘इनपुट’ श्रेणी में विश्वविद्यालय को 54.6 अंक मिले, जबकि पिछले वर्ष यह स्कोर 57.4 था। इस श्रेणी के तहत शोध के लिए मिलने वाली फंडिंग और उद्योगों से सहयोग का आकलन किया जाता है।
दूसरी ओर, ‘आउटपुट’ श्रेणी में विश्वविद्यालय का स्कोर 54.2 रहा, जो 2026 के 56.2 और 2025 के 57.7 से कम है। इस श्रेणी में शोध प्रकाशनों की संख्या, उनकी गुणवत्ता, विभिन्न विषयों पर शोध के प्रभाव और शोधकर्ताओं के बीच विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को शामिल किया जाता है।
टाइम्स हायर एजुकेशन की यह रैंकिंग Schmidt Science Fellows के सहयोग से तैयार की जाती है। इसका उद्देश्य यह मूल्यांकन करना है कि विश्वविद्यालय अलग-अलग वैज्ञानिक विषयों को एक साथ जोड़कर जटिल सामाजिक और वैज्ञानिक समस्याओं के समाधान में कितना योगदान दे रहे हैं।
2027 की इस रैंकिंग में दुनिया के 102 देशों और क्षेत्रों के कुल 1,058 संस्थानों का मूल्यांकन किया गया। पिछले संस्करण में 94 देशों और क्षेत्रों के 911 संस्थान शामिल थे। इस बार भारत 102 विश्वविद्यालयों के साथ सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला देश रहा। वहीं, एशिया के 565 संस्थानों को इस रैंकिंग में जगह मिली।
रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन 11 संकेतकों के आधार पर किया गया है, जिन्हें इनपुट, प्रोसेस और आउटपुट नामक तीन प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें शोध परिणामों को सबसे अधिक 65 प्रतिशत महत्व दिया गया है, जबकि इनपुट को 19 प्रतिशत और प्रोसेस को 16 प्रतिशत महत्व दिया गया है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर मीनाक्षी गोयल ने इस उपलब्धि पर शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेहतर वैश्विक रैंकिंग विश्वविद्यालय में अंतरविषयक शोध और शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने भविष्य में भी शोध, नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रखने की बात कही।
