मानसा 08 नवंबर 2026 : नशों के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपनी जान गंवाने वाले परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार 8 नवम्बर को दोपहर को किया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। झोटा के पिता भीम सिंह फौजी ने पंजाब के युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि दीवाली के पवित्र अवसर पर हर युवा नशों को त्यागने और नशों से दूर रहने का संकल्प ले।
उन्होंने कहा कि यही उनके बेटे को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गत वीरवार आधी रात मानसा के सिविल अस्पताल से एम्बुलैंस से अरदास कर झोटा का शव पोस्टमार्टम के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ भेजा गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका पोस्टमार्टम पूरा किया गया। झोटा की देह को पी.जी.आई. में रखा गया है। परिवार रविवार को दीवाली के दिन शव लेकर सुबह 5 बजे रवाना होगा।
परविंदर झोटा का अंतिम संस्कार करने के लिए चकेरियां रोड स्थित उसके अपने खेत में ही तैयारियां कर ली गई हैं और घर की ओर जाने वाली सड़क भी बना दी गई है। अंतिम संस्कार 8 नवम्बर दीवाली के दिन दोपहर 2 बजे के करीब किया जाएगा। उधर झोटा के पिता की पी.जी.आई. में भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। झोटा के समर्थकों व साथियों ने कुछ खाने-पीने की सलाह दी पर उन्होंने उससे इंकार कर दिया।
उधर 26वें दिन मानसा के तीनकोनी चौक पर चल रहा धरना जारी रहा, जिसमें झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर ने कहा कि लोग उन्हें ट्रोल करना बंद करें। उन्होंने किसी भी लोभ-लालच में आकर सरकार के साथ यह समझौता नहीं किया है और न ही उन्हें किसी चीज़ की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनके पति के जाने से जो घाटा हुआ है, उसे पैसे, नौकरियां या सुख-सुविधाएं पूरा नहीं कर सकतीं।
