लुधियाना, 16 सितंबर, 2026 : पंजाब में आतंक और खौफ का पर्याय बने लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट को सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा झटका दिया है। लॉरेंस बिश्नोई के बेहद करीबी सहयोगी और विदेश में बैठकर गैंग के लिए शेल्टर व लॉजिस्टिक्स का पूरा नेटवर्क संभालने वाले करमवीर सिंह देव उर्फ करनवीर को मंगलवार को कनाडा से भारत डिपोर्ट कर दिया गया। लुधियाना के गांव बहादुरके का रहने वाला करमवीर लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के तीन बड़े आपराधिक मामलों सहित कुल 5 संगीन एफआईआर में वांछित चल रहा था। करमवीर वही शख्स है, जिसने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में वांछित लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई को फर्जी पासपोर्ट बनवाकर भारत से विदेश भगाने और वहां पनाह देने में अहम भूमिका निभाई थी।
2023 की शादी में अनमोल बिश्नोई और करण औजला संग डांस से आया था चर्चा में :
विदेश भागने के बाद वर्ष 2023 में करमवीर सिंह की शादी हुई थी। इस भव्य शादी समारोह में मशहूर पंजाबी गायक करण औजला और शैरी मान को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था। उस समय गायक शैरी मान द्वारा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड की गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए थे। उस वीडियो में करण औजला लाइव गा रहे थे, जबकि मंच के पास लॉरेंस बिश्नोई का भगोड़ा भाई अनमोल बिश्नोई और करमवीर सिंह एक साथ झूमते और डांस करते साफ नजर आ रहे थे। इस खुलासे के बाद खुफिया एजेंसियों ने उस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। इसके अलावा विदेश में मशहूर गायक एपी ढिल्लों के घर पर हुई फायरिंग मामले में भी उसका नाम सामने आया था, हालांकि बाद में वहां की अदालत ने उसे क्लीन चिट दे दी थी।
नाभा जेल से जमानत पर छूटने के बाद फर्जी पासपोर्ट से भागा था विदेश :
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के रिकॉर्ड के अनुसार, करमवीर सिंह देव के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी, फिरौती और जाली दस्तावेज तैयार करने जैसी संगीन धाराओं के तहत 5 एफआईआर दर्ज हैं। 10 जून 2012 को नगर परिषद चुनाव की रंजिश के चलते करमवीर ने अपने साथियों संग मिलकर बहादुरके की पूर्व महिला सरपंच के पति गुरविंदर सिंह उर्फ बंटी बाजवा की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस कत्ल के बाद उसे नाभा जेल भेजा गया था। जेल से जमानत पर बाहर आते ही उसने फर्जी दस्तावेजों के सहारे पासपोर्ट बनवाया और वर्ष 2020 में भारत से अमेरिका और फिर कनाडा फरार हो गया। सन 2014 में उसके खिलाफ थाना हैबावोल में भी धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज हुआ था। 20 जून 2026 को सलेम टाबरी इलाके में प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक व्यक्ति पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें पुलिस जांच के बाद करमवीर सिंह को नामजद किया गया था। जोकि साजिश करमवीर ने रची थी।
मूसेवाला मर्डर के बाद अनमोल को विदेश में दिया शेल्टर और लॉजिस्टिक्स :
मोहाली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई, करमवीर सिंह और अन्य के खिलाफ जबरन वसूली, जालसाजी और पासपोर्ट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। तफ्तीश में सामने आया कि मई 2022 में हुए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद जब पुलिस अनमोल बिश्नोई की तलाश में जुटी थी, तब विदेश में बैठे करमवीर ने ही अनमोल का फर्जी पासपोर्ट बनवाने और उसे सुरक्षित भारत से बाहर निकालने में मदद की थी। विदेश में भी करमवीर ही अनमोल और बिश्नोई सिंडिकेट के अन्य भगोड़े गुर्गों को छिपने के लिए ठिकाने, गाडिय़ां और अपराध को अंजाम देने के लिए जरूरी लॉजिस्टिक्स मुहैया करवाता था।
फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क को खंगालेगी : ए.जी.टी.एफ.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि करमवीर सिंह लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा हुआ था और विदेश में गैंग की रीढ़ बना हुआ था। भारत डिपोर्ट किए जाने के बाद अब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और कमिश्नरेट पुलिस उसे रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ करेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पंजाब में गंभीर वारदातों को अंजाम देकर विदेश भागने वाले गैंगस्टरों को फर्जी पासपोर्ट दिलवाने में कौन-कौन से ट्रैवेल एजेंट और सरकारी कारिंदे शामिल हैं और उसने अब तक किन-किन अपराधियों को विदेश में पनाह दी है।
