चंडीगढ़ 13 सितंबर, 2026 : चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी में सितंबर का आधा महीना बीतने को है और मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार दाेपहर के समय वर्षा होने पर मौसम में बदलाव आया। अगले पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान तेज बारिश की संभावना है। लगातार बारिश की स्थिति में निचले इलाकों और जलभराव वाले स्थानों पर परेशानी बढ़ सकती है। विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन के दौरान बादल छाए रहने के साथ बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। सितंबर में मानसून की विदाई की ओर बढ़ने के बावजूद इस बार बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है।
विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से सामान्य और वास्तविक बारिश के बीच का अंतर कम हो सकता है। इस सीजन अब तक चंडीगढ़ में 659.3 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य बारिश से 18.2 एमएम कम है।
सितंबर के मध्य में पहुंचने के बाद भी बारिश सामान्य से नीचे रहने के कारण अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। यदि तेज बारिश होती है तो सीजन के वर्षा आंकड़े में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
शनिवार को दिन में गर्मी और उमस का असर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग के बारिश के अलर्ट के बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
