जींद 12 सितंबर, 2026 : अगर आप भी खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं और अपनी खुद की जगह है, तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। द हिसार-जींद को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड (मिल्क प्लांट जींद) ने निजी स्थानों पर वीटा मिल्क बूथ खोलने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।इस योजना के तहत इच्छुक लोग अपने निजी स्थान पर वीटा का मिल्क बूथ खोलकर दूध व उसके अन्य दुग्ध उत्पादों की बिक्री शुरू कर सकते हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 8 अक्तूबर 2026 (शाम 4:00 बजे तक) तय की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदक के पास कम से कम 4 मीटर × 4 मीटर (16 वर्ग मीटर) की उपयुक्त निजी जगह होनी चाहिए।आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी (Domicile) होना अनिवार्य है। आवेदक की उम्र 18 वर्ष से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम 10वीं पास होना आवश्यक है। बूथ स्ट्रक्चर का निर्माण, बिजली-पानी का कनेक्शन तथा दैनिक संचालन का पूरा खर्च आवेदक को खुद वहन करना होगा। सामान्य आवेदकों के लिए 500 का नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग शुल्क और 50,000 की सुरक्षा राशि तय की गई है। BPL श्रेणी के आवेदकों को सुरक्षा राशि में विशेष छूट दी गई है।
आवेदन कहाँ जमा करें
आवेदक वीटा मिल्क प्लांट जींद के बिक्री एवं विपणन विभाग से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करके 8 अक्तूबर 2026 शाम 4 बजे तक मिल्क प्लांट जींद कार्यालय में जमा करा सकते हैं।
